मुजफ्फरनगर। चरथावल के सपा विधायक पंकज मलिक और जेई राजेश कुमार के बीच हुई बातचीत का ऑडियो दिनभर चर्चा का विषय बना रहा। ऊर्जा निगम की टीम ने सुजडू में छापेमारी अभियान चलाकर 42 कनेक्शन काटे हैं। इस दौरान भारी पुलिसबल तैनात रहा।
जेई राजेश कुमार ने बताया कि सुजडू में करीब दो सौ लोगों पर 10 हजार रुपये से अधिक का बिल बकाया चला आ रहा है। इन लोगों से बार-बार बिल जमा कराने के लिए कहा गया गया था। मंगलवार को विद्युत वितरण खंड तृतीय के अधीक्षक अभियंता एके वर्मा और एसडीओ प्रणव कुमार के साथ निगम की टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। गांव में कई घंटे अभियान चलाकर 42 कनेक्शन काटे गए हैं। इन पर 10 हजार रुपये से अधिक के बिल बकाया है। इससे पहले विधायक और जेई का ऑडियो वायरल हुआ था। दिनभर ऑडियो और ऊर्जा निगम की कार्यवाही चर्चा का विषय बनी रही।