आधे शहर में बिजली ठप, पानी को तरसे लोग
मुजफ्फरनगर। विद्युत आपूर्ति बाधित रहने के कारण आधे शहर में बत्ती गुल हो जाने के साथ ही पानी की आपूर्ति भी बिगड़ी रही। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार को शहर में सवेरे से ही बिजली आपूर्ति कई क्षेत्रों में ठप हो गई थी। इस कारण जलापूर्ति भी प्रभावित रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर में कृष्णापुरी, शामली रोड, ईदगाह रोड, प्रेमपुरी, कुन्दनपुरा, खालापार, लोहिया बाजार, हनुमान चौक, लद्दावाला, रुड़की रोड, मिमलाना रोड, रामलीला टिल्ला, चुंगी नम्बर दो, आबकारी रोड, शाहबुदीनपुर रोड आदि क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इसके साथ ही शहर के अन्य क्षेत्रों में बिजली सप्लाई सुचारु नहीं रहने के कारण इसका सीधा प्रभाव जनजीवन पर नजर आया। आधे शहर में जलापूर्ति भी प्रभावित रही। एसई आरडी सिंह ने बताया कि कई बिजलीघरों पर लाइन शिफ्टिंग और मरम्मत का कार्य कराया गया है। सवेरे से ही कुछ क्षेत्रों में बिजली सप्लाई बंद की गई थी। इसके लिए विद्युत निगम की ओर से पहले ही यह सूचना जारी कर दी गई थी।