मुजफ्फरनगर। नेगेटिव बैलेंस के चलते कनेक्शन कटने के बावजूद रिचार्ज न कराने वालों के घरों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। ऊर्जा निगम की टीम जांच को पहुंची तो एक उपभोक्ता को स्मार्ट मीटर बाईपास कर कटिया से बिजली चलाते पकड़ लिया, जबकि दो उपभोक्ता पड़ोसियों के घरों में तार डालकर बिजली चला रहे थे। उधर, 150 कनेक्शन भी काटे गए।
जनपद में 70 हजार से अधिक प्रीपेड स्मार्ट मीटर लग चुके हैं, जबकि 15 प्रतिशत उपभोक्ता ही यूपीपीसीएल का एप डाउनलोड कर पाए हैं। हजारों उपभोक्ताओं के मीटर में नेगेटिव बैलेंस चल रहा है। चार दिन पहले ही ऊर्जा निगम की ओर से नौ हजार से अधिक नेगेटिव बैलेंस वाले स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की आपूर्ति बंद कर दी थी। निगम की ओर से ऐसे उपभोक्ताओं को मीटर रिचार्ज कराने की सलाह दी जा रही है। जांच में सामने आया कि बहुत से उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगने के बाद रिचार्ज नहीं करा रहे।
मुख्य अभियंता विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि खालापार में एक उपभोक्ता को स्मार्ट मीटर बाईपास कर कटिया से बिजली चलाते पकड़ा गया, जबकि दो उपभोक्ता स्मार्ट मीटर बाईपास कर पड़ोसियों से बिजली ले रहे थे।