बघरा में आयोजित सपा की जनसभा में पूर्व सीएम ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने, दो करोड़ नौजवानों को नौकरी देने, बिजली मुफ्त देने का वायदा झूठा साबित हुआ। दिल्ली वाले नेता ने पोस्टर से सबका नाम और फोटो गायब कर दिए हैं। वोट पड़ेंगे तो भाजपा यूपी से गायब हो जाएगी। इनके दो नंबरी नेता कह गए थे कि बिजली माफ कर देंगे, लेकिन नहीं की गई है।
अखिलेश ने याद किए चरण सिंह और टिकैत
पूर्व सीएम ने कहा कि इस जमीन ने किसान नेता पैदा किए हैं। किसान अपने हक और सम्मान की लड़ाई लड़ना जानता है। यहीं चौधरी चरण सिंह और महेंद्र सिंह टिकैत पैदा हुए। एक तरफ सरकार चौधरी चरण सिंह और स्वामीनाथन को भारत रत्न दे रही है, लेकिन किसानों को एमएसपी की गारंटी नहीं दे रही है। किसानों की ताकत ने तीन काले कानूनों को रोक दिया। सरकार किसानों की नहीं उद्योगपतियों की है। सरकार किसानों का दो लाख करोड़ कर्ज माफ नहीं करना चाहती।
भाजपा की सरकार बनी तो शादी नहीं होगी : अखिलेश यादव
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने चुटकी लेते हुए कहा कि अगर भाजपा की सरकार बन गई तो नौजवानों की शादी नहीं होगी। इसकी वजह यह है कि सरकार नौजवानों को रोजगार नहीं दे रही है। युवाओं को बिना शादी के रहना पड़ेगा। 80 प्रतिशत नौजवान बिना रोजगार और नौकरी के है। भाजपा वाले नहीं चाहते कि नौजवानों का भविष्य बेहतर हो। सब परीक्षाओं के पेपर लीक हो गए। अग्निवीर खत्म कर दी गई। भाजपा खादी वाले की नौकरी भी तीन साल की कर सकती है।