लोक अदालत में समझौते को आठ हजार नोटिस जारी
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंकों के एनपीए में शामिल आठ हजार लोगों को नोटिस जारी किए गए है। बैंकों ने कहा कि वह लोक अदालत में समझौता कर सकते हैं। इसी के साथ बिजली, बीएसएनएल और इंश्योरेंस ने भी नोटिस जारी किए हैं। लोक अदालत में बड़ी संख्या में समझौते होने की उम्मीद है।
शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हो रहा है। इस लोक अदालत में बैंक, बीएसएनएल, बिजली और इंश्योरेंस के बकाया के मामलों में समझौते होंगे। राष्ट्रीय लोक अदालत न्यायालय परिसर में सुबह दस बजे से प्रारंभ होगी। एलडीएम अमित बुंदेला ने बताया कि बैंकों के जो एनपीए खाते हैं, ऐसे आठ हजार लोगों को नोटिस भेजा गया है। इनमें पीएनबी और एसबीआई सहित सभी 17 बैंक शामिल हैं। नोटिस में कहा गया है कि लोक अदालत में ऋण को लेकर आपसी समझौता हो सकता है। इसमें बैंकों द्वारा दी जाने वाली छूट भी मिलेगी। बैंक के साथ ही लोक अदालत में बिजली, बीएसएनएल और इंश्योरेंस के मामलों में भी समझौता होगा।