जिले में आठ नए कोरोना पॉजिटिव मिले
मुजफ्फरनगर। जनपद में कोरोना के नए मामले मिलने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को आठ और नए केस मिले हैं। ये शहर के ही पुराने मामलों से संबंधित हैं। जबकि तीन कोरोना मरीजों के ठीक होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जनपद में अब तक कोरोना के कुल मामले 245 हो गए हैं।
एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार ने बताया कि मंगलवार को 48 जांच रिपोर्ट प्राप्त हुईं। इनमें से आठ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दो मामले मोहल्ला अबूपुरा के हैं। यहां पहले भी केस मिल चुके हैं। ये दोनों पुराने पॉजिटिव के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। इसके अलावा छह मामले कृष्णापुरी के हैं। ये भी पुराने मामलों से संबंधित हैं। उन्होंने बताया कि तीन कोरोना मरीज ठीक हुए हैं। उन्हें मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज बेगराजपुर में बनाए गए कोविड-19 अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। जनपद में अब कोरोना के कुल मामले 245 हो गए हैं जबकि सक्रिय केस 84 हो गए हैं। इसके अलावा 160 लोग ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं।