देहात में भी कोविड गाइडलाइन के तहत मनाई ईद
मुजफ्फरनगर। जनपद के देहात क्षेत्र में भी ईद-उल-फितर का मुख्य त्यौहार कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए हर्षोल्लास से मनाया गया। लोगों ने कोरोना महामारी के चलते ईदगाह पर न पहुंचकर अपने घरों में ही ईद की नमाज अदा की। मुल्क में अमन, चैन और महामारी के जल्द खात्मे की दुुआएं मांगीं गईं। इसके बाद एक-दूसरे को मोबाइल फोन व व्हाट्सएप के जरिये ईद की मुबारकबाद दी।
खतौली में कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए ईद मनाई गई। सभी लोगों ने अपने-अपने घर पर ही नमाज अदा करते हुए मुल्क में अमन, चैन कायम करने और बीमारी के खात्मे की दुआएं मांगीं। पालिका प्रशासन द्वारा कस्बे में सफाई कराकर कली डलवाई। उधर, ईदगाह पर नमाज के लिए लोगों के न पहुंचने के बावजूद पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रहा। नमाज के समय कुछ लोग ईदगाह व क्षेत्रीय मस्जिद पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घर लौटा दिया।
मीरापुर में कोरोना महामारी के चलते क्षेत्र में ईद का त्योहार बेहद सादगी के साथ मनाया गया। लोगों ने ईदगाह के बजाये घरों में ही ईद की नमाज अदा की। इस दौरान ईदगाह के साथ ही मस्जिदों व बाजारों में भी पुलिस तैनात रही। एसडीएम व सीओ सदर ने कस्बे के मुख्य स्थानों पर ड्रोन उड़ाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मौलाना मोहम्मद अरशद कासमी ने लोगों से घरों से नहीं निकलने और ईद की नमाज घरों में रहकर ही अदा करने की उद्घोषणा भी कराई।
शाहपुर क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के चलते ईद-उल-फितर का त्योहार सादगी से मनाया गया। मुस्लिमों ने घरों में ही नमाज अदा कर मुल्क में अमन, चैन की दुआएं मांगीं। पुलिस, प्रशासन पूरे दिन अलर्ट रहा।
पुरकाजी में कोरोना संक्रमण के चलते शुक्रवार को ईद की नमाज लोगों ने अपने घर पर ही अदा की। ईदगाह पर सुबह से ही पुलिस तैनात रही और जैसे ही कुछ लोग वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें लौटा दिया। कुछ लोगों ने ईदगाह के पास ही स्थित कब्रिस्तान में जाकर नमाज अदा की। वहीं, पुलिस ने बेवजह घूमने वाले लोगों के वाहनों के चालान काटे।