तकनीक को भुनाने के लिए चुनाव आयोग ने भी नया कारनामा किया है। यूथ पॉवर में मोबाइल और गेम खासे प्रचलित हैं। खेल-खेल में वोटर बनने का रास्ता और ज्ञान का पता लगेगा। आयोग ने चुनाव से संबंधित गेम साइट पर अपलोड किया है, जिसके माध्यम से वोटर बनने, वोट डालने के लिए प्रेरित करना और उसका महत्व सिखाया जा रहा है। इतना ही नहीं गेेम में वोट डालने के बीच आने वाली बाधाओं को भी बखूबी दर्शाया गया है।
चुनाव आयोग ने वोटरों को बूथ तक पहुंचाने के लिए वीडियो गेम अपलोड किया है। इस गेम में दो खिलाड़ी दिए गए हैं, जिनमें एक महिला और एक पुरुष है। दोनों को एक ही टारगेट बूथ पर पहुंचकर अपना वोट डालना है। आयोग ने गेम की प्रत्येक स्टेज पर खेलने वाले से सवाल पूछे हैं, जिनका सही आंसर देने पर अगले स्टेज पर पहुंचा जाएगा। गेम के माध्यम से आयोग ने वोटर बनने से लेकर वोट डालने और जनप्रतिनिधि चुनने तक का रास्ता दिखाया है।
वीडियो गेम में खास यह है कि इसके जरिये वोटरों को लोकतंत्र की ताकत भी बताई जा रही है। गेम की खास बात यह है कि इसे मोबाइल पर भी खेला जा सकता है। इसमें मतदाता बनने के लिए फार्म-6, पता बदलने पर फार्म-8, वोटर लिस्ट में अपना जांचना, बूथ का पता लगाना, वोट करने के लिए क्या-क्या जरूरी है। इन सब बातों को आयोग के वीडियो गेम में खेल-खेल के दौरान पता लगाया जा सकता है। गेम अपलोड होने का मकसद है कि वोटरों में लोकतंत्र की जागरूकता आ सके और साथ में मतदान प्रतिशत को बढ़ाया जा सके।
बौद्धिक ज्ञान भी परखा
वीडियो गेम की एक स्टेज पार होते ही दूसरी पर जाने से पहले आयोग ने उपभोक्ता के बौद्धिक ज्ञान को भी परखा है। गेम के हीरो को आयोग के सवाल का जवाब देना होगा है। इसके लिए आयोग ने चुनाव से संबंधित सवाल करता है, उसके उत्तर में तीन विकल्प है। सही उत्तर मिलने पर बोनस बढ़ता है।
आवेदन का तरीका समझाया
चुनाव आयोग ने वीडियो गेम के माध्यम से वोटर बनने के लिए ऑनलाइन आवेदन का तरीका भी बताया है। उपभोक्ता किस प्रकार से अपनी विधानसभा में वोटर बनेगा। आयोग की वेबसाइट पर कहां वोटर बनने का लिंक दिया गया है, इसकी भी पूरी जानकारी दी गई है।