मुजफ्फरनगर। पुलिस लाइन में शनिवार दोपहर में 967 ई-रिक्शाओं के रूट जारी कर दिए गए। सभी चालकों को अपनी रिक्शा पर निर्धारित रंग की पट्टी कराने के लिए अलग-अलग दिन दिए गए हैं। जो चालक प्रक्रिया में शनिवार को शामिल नहीं हो सके, उन्हें जानकारी देने के लिए 29 सितंबर का दिन निर्धारित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे की अध्यक्षता में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी सुशील कुमार मिश्रा व प्रभारी यातायात राकेश कुमार की उपस्थिति में रूट प्लान जारी किया गया। पूरी प्रक्रिया में निष्पक्षता बरतने के लिए लाटरी सिस्टम को अपनाया गया। इस दौरान शहरी क्षेत्र के लिए निर्धारित किये गये पांच रूटों के लिए प्राप्त 967 आवेदन की पर्ची को लाटरी प्रक्रिया में शामिल गया गया।
पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे ने बताया कि सभी रूट के बारे में चालकों को बता दिया गया है। सभी चालकों को रूट के बारे में भी जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि रूट नंंबर -1 पर 310 ई-रिक्शाओं, रूट नंंबर-2 पर 210 ई-रिक्शा, रूट नंंबर-3 पर 210 ई-रिक्शा, रूट नंंबर-4 पर 210 ई-रिक्शा व रूट नंंबर-5 पर केवल 27 ई-रिक्शाओं का संचालन किया जाएगा।