जानसठ (मुजफ्फरनगर)। गांव मीरापुर दलपत के पास शूकर ने टक्कर मारकर ई-रिक्शा को पलट दी। ई-रिक्शा पलटने से सड़क पर गिरकर सात साल के बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे महिला व उसका भाई चालक घायल हो गए।
खतौली के मोहल्ला गणेशपुरी निवासी 55 वर्षीय कृष्णाबीरी अपने सात साल के पौत्र शिव को साथ लेकर दो तीन दिन पूर्व अपने मायके जानसठ के गांव राजपुर कलां में मिलने के लिए आई थी। मंगलवार शाम को कृष्णाबीरी का भाई महकार अपनी ई-रिक्शा में अपनी बहन व उसके पौत्र को लेकर खतौली छोड़ने के लिए जा रहा था। जानसठ क्षेत्र के गांव मीरापुर दलपत के पास पहुंचते ही, सड़क किनारे घूम रहे शूकर ने अचानक ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। ई-रिक्शा पलटते ही कृष्णाबीरी के गोद में बैठा उसका पौत्र शिव उछलकर सड़क पर गिरा। सड़क पर गिरते ही बालक शिव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कृष्णाबीरी व उसका भाई महकार घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां पर उनका उपचार चल रहा है।