कांवड़ मेला ड्यूटी पर तैनात सिपाहियों द्वारा कान में ईयरफोन लगाने पर एसएसपी दीपक कुमार ने सस्पेंड करने की चेतावनी दी है। शहर कोतवाली प्रभारी और सिविल लाइन एसओ को एसएसपी ने अपने सिपाहियों की ड्यूटी चेक करने के निर्देश दिए।
एसएसपी सोमवार को कांवड़ मेला क्षेत्र में घूम रहे थे। उन्होंने देखा कि शहर कोतवाली और सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कई प्वाइंट्स से सिपाही गायब थे और जो ड्यूटी पर तैनात थे, उनमें से अधिकतर अपने कानों पर ईयरफोन लगाकर मोबाइल से गाने सुनने या फिल्म देखने में व्यस्त थे। इस बात को लेकर कप्तान ने शहर कोतवाली और सिविल लाइन थानेदारों से नाराजगी जताई है।
कप्तान ने सेट से ही कहा कि जिस भी सिपाही के कान में ईयरफोन की लीड दिखाई दी, उसे तुरंत संस्पेंड कर दिया जाएगा। शहर कोतवाल और एसओ सिविल लाइन से कहा कि उनके क्षेत्र में तैनात अधिकतर सिपाही तय प्वाइंट्स पर नहीं मिल रहे हैं। दोनों से सिपाहियों की ड्यूटी चेक करने को कहा। कहा कि सिपाही चाय पीने के लिए भी ड्यूटी प्वाइंट से नहीं हटेगा। सिपाही के पास चाय वहीं भेजी जाएगी।
निर्देश के बाद भी नहीं लगवाए सीसी कैमरे
कांवड़ यात्रा को लेकर रविवार रात निरीक्षण को पहुंचे जिले के आला अधिकारियों ने कस्बे के मेन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे न लगाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की और नगर पंचायत को स्पष्टीकरण देने को कहा है।
पूर्व में दंगा प्रभावित क्षेत्र रहने के कारण प्रशासन ने नगर पंचायत शाहपुर को सभी मेन चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए थे। मगर कांवड़ यात्रा शुरू होने के बाद भी नगर पंचायत द्वारा सीसीटीवी कैमरे नहीं लगवाए गए। रविवार रात एसपी क्राइम प्रदीप गुप्ता, सीओ बुढ़ाना एसपी शर्मा और थाना प्रभारी वेद प्रकाश गिरी ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया तो सीसीटीवी कैमरेे न देखकर हैरान रह गए।
उन्होंने मौके पर मौजूद नगर पंचायत चेयरमैन काजी मोहम्मद आरिफ से सीसीटीवी कैमरे न लगाए जाने के बारे में पूछा तो चेयरमैन ने कैमरे लगाने की बात अधिशासी अधिकारी पर डालते हुए कहा कि उन्होंने ईओ को सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए थे। इसके चलते अधिकारियों ने स्पष्टीकरण देने की बात कही।
कांवड़ ड्यूटी में आठ कर्मी गैरहाजिर मिले, वेतन रोकने के आदेश
डीएम दिनेश कुमार सिह को कांवड़ मार्ग ड्यूटी व कानून एवं शान्ति व्यवस्था ड्यूटी में लगे 8 कर्मचारी और अधिकारी मौके पर नहीं मिले। डीएम ने सभी का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के आदेश दिए हैं। साथ ही सभी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।
डीएम ने कृष्ण कुमार ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक मन्सूरपुर, डॉ शरद शर्मा, अनिल कुमार प्रभारी सचिव/गन्ना विकास निरीक्षक मन्सूरपुर, महीपाल यादव पशुधन प्रसार अधिकारी, बालेश कुमार अवर अभियन्ता ब्लाक बघरा, अवधेश कुमार वैज्ञानिक सहायक गन्ना शोध केन्द्र मुजफ्फरनगर, विवेक चौधरी लोनिवि और एसके धारीवाल अवर अभियन्ता ग्रामीण अभियंत्रण का वेतन रोक दिया है। डीएम को ये सभी अधिकारी और कर्मचारी कांवड़ ड्यूटी से गैरहाजिर मिले हैं। कारण बताओ नोटिस में दो दिन में स्पष्टीकरण देने के आदेश दिए हैं।