मुजफ्फरनगर। मतगणना स्थल पर वोटों की गिनती को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। बसपा प्रत्याशी हरेंद्र शर्मा ने भाजपा नगराध्यक्ष श्रीमोहन तायल के साथ हाथापाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपाई एकत्र हो गए, जिन्हें पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर शांत किया। भाजपाइयों ने वार्ड-दस के प्रत्याशी हरेंद्र पाल का प्रमाण-पत्र जारी करने को लेकर एडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
वार्ड दस के भाजपा समर्थित प्रत्याशी हरेंद्र पाल का रिजल्ट घोषित न करने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मतगणना स्थल पर हंगामा कर दिया।
नगराध्यक्ष श्रीमोहन तायल के साथ बसपा समर्थित प्रत्याशी हरेंद्र शर्मा ने हाथापाई की तो भाजपाई में आक्रोश फैल गया।
कुछ ही देर में मतगणना स्थल के बाहर सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्र हो गए। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि गिनती पूरी होने के बाद भी प्रशासन ने जान-बूझकर रिजल्ट घोषित नहीं किया, जबकि चुनाव भाजपा प्रत्याशी हरेंद्र पाल जीत चुका है।
गिनती पूरी होने के बाद हरेंद्र शर्मा ने दावा कर दिया कि वह चुनाव जीत रहा है। इसे लेकर ही दोनों पक्षों में तनातनी हो गई।
बाद में डीम निखिलचंद्र शुक्ला ने कहा कि सभी बूथों की कंप्यूटर में फीडिंग होने के बाद ही रिजल्ट एडीएम प्रशासन के ऑफिस से घोषित होगा।
इसी बीच दोनों पक्षों को कलक्ट्रेट भेज दिया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एडीएम प्रशासन के कार्यालय पर भी प्रदर्शन किया।