शराबी चालक ने यात्रियों की जान खतरे में डाली
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के बस चालक ने शराब पीकर यात्रियों की जान जोखिम में डाल दी। शराब के नशे में चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा और बस खाई में उतर गई। जानकारी पाकर एआरएम ने चालक की संविदा समाप्त कर दी। साथ ही एआरटीओ को पत्र लिखकर उसका ड्राइविंग लाइसेेंस निरस्त करने की संस्तुति की है।
मुजफ्फरनगर डिपो की बस शुक्रवार को मुजफ्फरनगर से मेरठ जा रही थी। गांव दादरी के पास चालक नवाब अली ने किसी वाहन को बचाने का प्रयास किया, तभी अनियंत्रित होकर बस गड्ढे में उतर गई। इसमें बस चालक की लापरवाही सामने आई। चालक नवाब अली का ब्रेथ एनालाईजर से एल्कोहल टेस्ट किया गया। जिसमें 70.03 एमजी पॉजिटिव पाया गया। डिपो के एआरएम बीपी अग्रवाल ने बताया कि आरोपी चालक नवाब अली की संविदा समाप्त कर दी गई है। उसका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी की गई है।
- घर में घुस कर फायरिंग का आरोप
मुजफ्फरनगर। मामूली कहासुनी के बाद दो युवकों ने घर में घुसकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों द्वारा की गई फायरिंग में पीड़ित बाल-बाल बचा। पुलिस ने पीड़ित की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला किदवईनगर निवासी मुस्तकीम ने यह रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि गुलबहार और भूषण से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी के चलते आरोपी उसके घर में घुस गए और जान से मारने की नियत से फायरिंग की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
- शार्ट सर्किट से लगी आग
मुजफ्फरनगर। शहर में मीनाक्षी चौक के पास बिजली के खंभे पर विद्युत लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई। राहगीरों ने सूचना दमकल विभाग को दी। जिस पर पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर पाबू पाया। इस दौरान बिजली आपूर्ति बंद करा दी गई थी।