दवा बाजार को मिले नियमित खोलने की अनुमति
मुजफ्फरनगर। जिला मुजफ्फरनगर केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम सेल्वा कुमारी जे से मिलकर दवाइयों के थोक विक्रेताओं को जिला परिषद बाजार प्रतिदिन खोलने की अनुमति देने की मांग रखी है।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रविंद्र चौधरी और महामंत्री अनिरुद्ध अग्रवाल के नेतृत्व में कलक्ट्रेट में डीएम और एडीएम प्रशासन अमित सिंह के समक्ष दवा व्यापारियों की दिक्कतें रखी गई। सप्ताह में तीन दिन जिला परिषद मार्केट खुलने से भीड़ अधिक हो रही है। जैसे प्रत्येक जीवनपयोगी व्यवसाय नित्य खुल रहा है। ऐसे ही साप्ताहिक बंदी मंगलवार को छोड़ कर प्रतिदिन दवा बाजार खोलने की आवश्यकता है, ताकि भीड़ का दबाव खत्म हो। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो सके। डीएम ने सोमवार से नई गाइडलाइन से दवा बाजार खोलने के फैसले पर विचार का आश्वासन दिया। शुक्रवार को भीड़भाड़ अधिक होने पर पुलिस प्रशासन ने दवा बाजार बंद करा दिया था। एडीएम प्रशासन ने बताया कि रविवार से कोई वाहन जिला परिषद मार्केट में नहीं जाएगा। दवा के थोक और फुटकर व्यापारी अपने वाहन नगर पालिका की पार्किंग में लगाएं। प्रतिनिधिमंडल में ओम कुमार गर्ग, योगेश मदान, सतपाल सिंह, आशीष गर्ग, हर्ष भाटिया आदि शामिल रहे। उधर, औषधि निरीक्षक लवकुश ने थोक दवा विक्रेताओं को लॉकडाउन की गाइडलाइन के अनुसार दुकान खोलने तथा क्रय-विक्रय के दौरान सामाजिक दूरी का पालन करने की हिदायत दी है।