औषधि विभाग ने दो मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा
मुजफ्फरनगर। जिला औषधि विभाग की टीम ने बुधवार को जिला परिषद के साथ ही चरथावल के गांव दधेड़ू में स्थित दो मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर दवाओं के तीन सैंपल लिए। तीनों नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
जिला औषधि विभाग की टीम ने इंस्पेक्टर वैभव बब्बर के नेतृत्व में बुधवार दोपहर जिला परिषद मार्केट स्थित जगदीश मेडिसिन कंपनी पर छापा मारा। वैभव बब्बर ने बताया कि जनपद बिजनौर में कुछ समय पूर्व बड़ी तादाद में नकली दवा पकड़ी गईं थीं। इसी क्रम में जगदीश मेडिसिन पर छापा मारकर टेबलेट के नमूने लिए गए हैं। इसके बाद बिना लाइसेंस के मेडिकल स्टोर चलने की सूचना पर चरथावल के गांव दधेड़ू स्थित सैफी मेडिकल स्टोर पर भी छापा मारा गया। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि जांच में मेडिकल स्टोर संचालक के पास वैध लाइसेंस पाया गया, लेकिन उसके मेडिकल स्टोर पर मौजूद कुछ दवाओं के बिल नहीं मिले। इस पर जांच के लिए एंटीबायोटिक दवाओं के दो नमूने लिए गए। तीनों नमूनों को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ भेज दिया गया है। वहां से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।