मुजफ्फरनगर। जिले में तीन दिन के लॉक डाउन को लेकर प्रशासन ने दवा व्यापारियों के साथ बैठक की। दवा व्यापारियों से कहा कि वह निर्धारित दामों से अधिक न लें। संकट की इस घड़ी में अपने दायित्व का निर्वाह करें।
कलक्ट्रेट में हुई बैठक में दवा व्यापारियों से कहा गया कि एक निश्चित समय में उनकी कुछ दुकानें खुलेंगी। जो दवा व्यापारी दुकान खोलेंगे, वह आम उपभोक्ता से अधिक वसूली नहीं करेंगे। मास्क या सैनिटाइजर किसी भी चीज की कोई कमी नहीं है, सब चीजों की आपूर्ति बराबर बनी रहेगी। प्रशासन भी पूरी तरह से मदद और सेवा करने को पूर्ण रूप से तैयारी में है। डिस्ट्रिक्ट मुजफ्फरनगर केमिस्ट एसोसिएशन के चेयरमैन श्रीमोहन तायल, अध्यक्ष नरेंद्र चौधरी, जिला महामंत्री संजय गुप्ता, संयुक्त व्यापार संघ के मुख्य संयोजक रेवतीनंदन सिंगल, कृष्ण गोपाल मित्तल, केमिस्ट एसोसिएशन से दीपक अग्रवाल, ओम कुमार गर्ग, आशीष अग्रवाल, योगेश मदान आदि रहे। वहीं, प्रशासन की ओर से डीएम सेल्वा कुमारी जे, एसएसपी अभिषेक यादव, एडीएम प्रशासन अमित सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अतुल सिंह और सीडीओ आलोक यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।