बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी की समीक्षा करते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
यूपी बोर्ड की परीक्षा को लेकर डीएम ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने अफसरों की बैठक लेकर परीक्षा से संबंधित कड़े निर्देश दिए। नकलविहीन परीक्षा कराने पर जोर दिया। इस बार परीक्षा सेंटर के एंट्री गेट समेत सभी कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरों की फुटेज सीडी में सुरक्षित रखी जाएगी। वहीं, विद्युत की स्थायी व्यवस्था नगीं होने कारण परीक्षा के समय जनरेटर चलाए जाएंगे।
कलक्ट्रेट सभागार में डीएम जीएस प्रियदर्शी और एसएसपी अनंत देव तिवारी ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा के मद्देनजर मीटिंग ली। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल मुकम्मल और शौचालय आदि भी साफ होने चाहिए। केंद्र व्यवस्थापक अपने केंद्रों पर कड़ी निगाह रखें।
कक्ष में जाने से पूर्व परीक्षार्थियों की तलाशी ली जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट भी भ्रमणशील रहेंगे। परीक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। डीएम ने दिशा निर्देश दिए कि जो अध्यापक ड्यूटी पर नहीं पहुंचता है तो उसका वेतन रोका जाए। किसी परीक्षा केंद्र पर नकल की शिकायत मिली तो उसे अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।
साथ ही केंद्र व्यवस्थापक के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई होगी। परीक्षा के लिए पांच सचल दल दस्तों का गठन किया गया है। इस साल संस्थागत एवं व्यक्तिगत परीक्षार्थी के रूप में 61443 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कुल 74 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। केंद्रों पर प्रश्न पत्रों की सुरक्षा एवं गोपनीयता रखी जाए।
केंद्रों पर अग्निशमन के संसाधनों, पानी की बाल्टियां और रेत आदि की व्यवस्था रखनी चाहिए। एसएसपी अनंत देव तिवारी ने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी। सीसीटीवी कैमरों के अतिरिक्त शहरी क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से भी नजर रखी जाएगी। एसपी सिटी ओमवीर सिंह समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।