24 हजार विद्यार्थियों का ड्रेस का पैसा अटका
मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार इस बार परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं का ड्रेस, स्वेटर, जूते आदि का 1100 रुपये उनके खातों में सीधे डाल रही है। जिले में 24 हजार 762 छात्रों का पैसा आधार के बैंक खाते से लिंक न होने के कारण लटक गया है।
जिले के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में एक लाख 73 हजार छात्र-छात्रा पंजीकृत हैं। अब से पहले प्रदेश सरकार परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को ड्रेस, स्वेटर, जूते, मौजे, स्कूल बैग आदि का वितरण करती रही है। इस बार योगी सरकार ने इन सबका 1100 रुपये प्रति छात्र के हिसाब से अभिभावकों के खातों में डाल रही है। जिले में 73 हजार छात्रों के खातों में पैसा जारी हो चुका है। बाकी के खातों में पैसा डालने की प्रक्रिया चल रही है।
इस बीच 24 हजार 762 छात्रों के खातों में पैसा डालने को लेकर बड़ी बाधा खड़ी हो गई है। इन छात्र-छात्राओं के अभिभावक का खाता आधार कार्ड से लिंक नहीं हैं। पहले खाता लिंक होगा उसके बाद ही यह पैसा इनके खाते में जारी होगा। जिन छात्रों के खातों का आधार से लिंक नहीं हुआ है, उनमें ग्रामीण के साथ शहरी क्षेत्र के छात्र भी हैं। सर्दी बढ़ रही है और छात्रों के पास अभी तक जूते, स्वेटर तक नहीं है। पैसा जारी नहीं होने में यह परेशानी ओर बढ़ जाएगी।
ब्लाक छात्र संख्या
शाहपुर: 2113
सदर: 2768
जानसठ: 4200
चरथावल: 2074
बघरा: 1670
मोरना: 1645
खतौली: 3250
बुढाना: 3767
पुरकाजी: 1794
शहर: 244
तेजी से करा रहे प्रक्रिया
जिना बेसिक शिक्षा अधिकारी मायाराम का कहना है कि जिन छात्र-छात्राओं का खाता आधार से लिंक नहीं हो पाया है। शिक्षकों की ड्यूटी उनसे संपर्क कर खाता सही कराने के लिए लगाई गई है। अभिभावकों को जानकारी देने का कार्य शिक्षक कर रहे हैं। जल्द ही समस्या का निदान होगा।