परिक्रमा मार्ग के लिए अधिकारियों की बैठक लेते कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल : संवा
मुजफ्फरनगर। परिक्रमा मार्ग पर श्रीराम कॉलेज से अलमासपुर चौक तक जल निकासी की समस्या गंभीर हो गई है। जल निगम की ओर से नाला निर्माण के लिए डीपीआर तैयार की गई है लेकिन पानी का बहाव पता नहीं चल पाने के कारण अधिकारी संशय में है। मौके पर 1500 मीटर लंबा नाला आधा खुला और आधा ह्यूमपाइप डालकर निर्माण की कवायद चल रही है।
परिक्रमा मार्ग पर जल निकासी बड़ी समस्या बन रही है। आसपास के भौगोलिक क्षेत्र का तल ऊंचा-नीचा होने के कारण जल निकासी को लेकर समस्या आ रही है। मार्ग और आसपास पड़ने वाली कॉलोनियों का तल काफी नीचे जा रहा है। जिस कारण उन कॉलोनियों से पानी की निकासी प्राकृतिक रूप से न होेकर पंपिंग सेट लगाकर की जा रही है।
घरों से निस्तारित होने वाला गंदा पानी तो नालियों में रुक जाता है, लेकिन असली समस्या बरसात के पानी की निकासी में आती है। पिछली बरसात के दौरान सड़क पर आए आसपास के पानी की निकासी अवरुद्ध होने के कारण श्रीराम कॉलेज और इर्द-गिर्द जल भराव से पैदा हुई समस्या पर हंगामा हुआ तो नगर पालिका, जल निगम और दूसरे विभागों के अधिकारी सक्रिय हुए।
पालिका के पत्र पर जल निगम ने तैयार कराई डीपीआर : जल निगम के एक्सईएन अबु जैद ने बताया कि पालिका केवल दो करोड़ रुपये तक का निर्माण कार्य करा सकती है लेकिन नाला निर्माण में दो करोड़ से अधिक का खर्च आने की उम्मीद के चलते उनके विभाग को पत्र लिखा गया था।