मुजफ्फरनगर। निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित विशेष अभियान दिवस के तहत जिला प्रशासन ने मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान चलाया। शहर से लेकर देहात तक कैंप लगाए गए।
डीएम उमेश मिश्रा ने सदर विधानसभा क्षेत्र के मोहल्ला कूकड़ा के जीसी पब्लिक स्कूल में विभिन्न बूथों पर चल रहे एसआईआर कार्य की ताजा स्थिति जानी। उन्होंने एसआईआर के अंतर्गत गणना प्रपत्रों का संग्रहण कार्यों का जायजा लिया। एसआईआर कार्यों का निरीक्षण कर उन्होंने जनमानस को भी जागरूक किया। मतदाताओं से अपील की कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें, अंतिम तिथि नजदीक आ गई है।
अपना गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को उपलब्ध करा दें जिससे नाम डाटा एंट्री में शामिल हो सके। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट पंकज राठौर सहित अन्य अधिकारी भी शामिल रहे।
गणना प्रपत्र भरने के लिए चेयरपर्सन ने किया जागरूक : विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत विभिन्न बूथों पर शिविरों का आयोजन किया गया। नगर और नई मंडी क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर भारी संख्या में मतदाता पहुंचे, जहां बीएलओ की ओर से गणना प्रपत्र भरवाए गए।
इस बीच नगरपालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप और भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने अलग-अलग बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। उन्होंने मतदाताओं को जागरूक करते हुए उनको मतदाता सूची में अपनी जानकारी को अद्यतन कराने के लिए प्रेरित किया।