‘सोशल मीडिया पर अंजान लोगों से न करें दोस्ती’
मुजफ्फरनगर। एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म का प्रयोग बेहद सावधानी से किए जाने की जरूरत है। अंजान लोगों से दोस्ती के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए। छात्राएं निजी जानकारियां किसी से शेयर न करें।
शहर की वसुंधरा कॉलोनी स्थित एमजी वर्ल्ड विजन स्कूल में बृहस्पतिवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एसपी सिटी ने छात्राओं को साइबर क्राइम और उससे बचने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप या किसी भी प्लेटफार्म पर अपना प्रोफाइल सार्वजनिक न करें। कोई फोटो शेयर कर रहे हैं तो बेहतर होगा कि वह ग्रुप में हो, इससे फोटो के दुरुपयोग की संभावना कम रहेगी। पासवर्ड समय-समय पर बदलते रहें। प्रधानाचार्या मृणालिनी अनंत ने मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया।
एसपी सिटी ने कहा कि छात्राएं हेल्पलाइन नंबर 1090 पर कॉल कर मदद ले सकती हैं। उनकी पहचान गोपनीय रखी जाती है। डायल-112 पर पुलिस कुछ ही मिनट में मदद के लिए पहुंचती है। 181 पर भी कॉल कर मदद ली जा सकती है। अपने-अपने क्षेत्र के थानों और पुलिस अधिकारियों, स्कूल और अभिभावकों के नंबर भी याद रखें और किसी भी परेशानी की स्थिति में कॉल करते ही पुलिस मदद करेगी।
अपराधबोध से ग्रस्त महसूस न करें
प्रधानाचार्या मृणालिनी अनंत ने कहा कि गलती किसी से भी हो सकती है। अगर आप खुद को अपराधबोध से ग्रस्त कर लेंगे तो सामने वाले आपको ब्लैकमेल कर सकता है। इसलिए हिम्मत दिखाने की जरूरत होती है। कोई गलती हुई भी है तो तुरंत शिक्षकों, अभिभावकों और पुलिस को जानकारी दें और किसी से भी डरें नहीं।
गौरी चौधरी : आईपीएस बनने के लिए क्या करना चाहिए?
एसपी सिटी : सिविल सर्विस की तैयारी के लिए विस्तृत जानकारी हासिल कर कड़ी मेहनत करें। अनुशासन के साथ पूरी इमानदारी से तैयारी करें, कोई भी चीज मुश्किल नहीं है।
लावण्या : सिविल सर्विस के लिए कितने घंटे की पढ़ाई जरूरी होती है?
एसपी सिटी : हर व्यक्ति की क्षमता अलग-अलग हो सकती है। लेकिन अनुशासन से रोजाना पांच घंटे की पढ़ाई पर्याप्त है।
आयुषी : पब्लिक वाई-फाई का प्रयोग कितना सुरक्षित है?
एसपी सिटी : इसके लिए सावधानी जरूरी है। पब्लिक वाई-फाई के प्रयोग के दौरान निजी खातों का प्रयोग न करें। डिजीटल लेन-देन न करें, इससे निजी जानकारियां सार्वजनिक हो सकती हैं।
वैष्णवी : हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने के बाद पुलिस कितनी देर बाद पहुंचती है?
एसपी सिटी : मुजफ्फरनगर में सबसे बेहतर रेस्पांस टाइम है। एक से दो मिनट में ही पुलिस मदद के लिए पहुंच जाती है।
संस्कृति : पुलिस की मदद के लिए कोई आम आदमी क्या कर सकता है?
एसपी सिटी : कानून का पालन करना ही पुलिस की मदद है। सबको शांतिप्रिय तरीके से कानून का पालन करना चाहिए।
आयुषी चौधरी : छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस क्या कर रही है?
एसपी सिटी : पुलिस रोजाना चेकिंग अभियान चलाती है। शिक्षण संस्थाओं के आसपास छात्राओं को जागरूक करती है।
आन्या अग्रवाल : मोबाइल लिंक से ठगी के मामले रोज सामने आते हैं, बचाव कैसे करें?
एसपी सिटी : ठग सोशल मीडिया पर लिंक शेयर करते हैं, जिन पर क्लिक करते ही जानकारियां साझा हो जाती है। इसीलिए सोशल मीडिया पर बिना किसी जानकारी के किसी भी लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए।
पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में मौजूद छात्राएं।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
नगर के एमजी वर्ल्ड विजन स्कूल में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में मौजूद छात्राएं।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
आन्या अग्रवाल।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
गौरी चौधरी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
लावण्या।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
आयूषी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
वैष्णवी सिहं ।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
संस्कृति सिगंल।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
आयूषी चौधरी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR