लक्षण होने पर घबराएं नहीं, तुरंत कराएं जांच
मुजफ्फरनगर, चरथावल। कोरोना के लक्षण होने पर घबराएं नहीं, बल्कि हॉस्पिटल में जाकर जांच अवश्य कराएं। इसमें खुद और परिवार की हिफाजत होती है। संयम, धैर्य और तनावमुक्त रहकर नगर पंचायत सदस्य विरेंद्र त्यागी और दूधली के छात्र तुषार ने कोरोना की जंग जीत ली है। बकौल उनके दोनों ने होम आइसोलेशन में चिकित्सकों की सलाह लेकर बेहतर तरीके से बीमारी पर काबू पाया है। सीएचसी में दोबारा जांच कराने पर रिपोर्ट नेगेटिव आने पर दोनों का मन प्रफुल्लित हुआ।
-चरथावल कस्बे के कानूनगोयान के सभासद विरेंद्र त्यागी को 22 अप्रैल को हल्का बुखार और खांसी की शिकायत हुई। उन्होंने संकोच नहीं किया, बल्कि सीएचसी जाकर जांच कराई। चिकित्सकों ने पॉजिटिव पाए जाने पर उन्हें होम आइसोलेट किया। लक्षण होने पर तत्काल जांच कराए, ताकि खुद के साथ परिवार भी संक्रमित होने से बच जाए। संयमित दिनचर्या, पॉजिटिव सोच के साथ बीमारी पर काबू पाया जा सकता है। डिस्पोजल बर्तनों में खाना लिया और पत्नी और दोनों बच्चों से अलग रखा। कमरा सैनिटाइज करते रहे।
यमुनानगर में फार्मेसी के छात्र दूधली के बाशिंदे 19 वर्षीय छात्र तुषार छुट्टियों में 20 अप्रैल को गांव आ गए थे। उनके सिर और पैरों में दर्द महसूस हुआ। कहते हैं उन्होंने लक्षण को दबाया नहीं, बल्कि जांच कराई। संक्रमित पाए गए। मम्मी और परिजनों से अलग कमरे में एकांतवास दिया। नियमित योग किया। चिकित्सकों की सलाह के अनुसार भोजन और काढ़े का सेवन किया। बीमारी को मात देने में परिजनों से हौसला बढ़ाया। हिम्मत नहीं हारी और तनाव को फटकने नहीं दिया। उनका मंतव्य है हल्का से लक्षण महसूस हो, तो जांच जरूर कराएं। ताकि समय रहते खतरा टाला जा सके।