‘सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा न करने दें’
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। विकास खंड बुढ़ाना परिसर में आयोजित नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों की बैठक में उपजिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी कीमत पर कब्जा न होने दें। बैठक में मौजूद सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित जानकारी दी।
विकास खंड बुढ़ाना परिसर में शनिवार को नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों की बैठक हुई। जिसमें एसडीएम अजय कुमार अम्बष्ट ने कहा कि कोई भी प्रधान अपने गांव में गांव की सरकारी जमीन पर किसी को भी कब्जा न करने देें। कब्जा करने और करवाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पशु चिकित्साधिकारी मंशाराम गौतम ने कहा कि गर्मी में पशुओं में बीमारी आती हैं। ग्राम प्रधानों को चाहिए कि वे अपने गांव की पशुओं में आई बीमारी के बारे में उन्हें सूचित करें।
सीओ विनय गौतम ने कहा कि गांव में कानून व्यवस्था कायम करना हमारी और आपकी जिम्मेदारी है। पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सोनू कश्यप ने कोरोना महामारी को बढ़ने से रोकने के उपाय बताएं। खंड विकास अधिकारी कपिल कुमार ने ग्राम प्रधानों के अधिकार उनके कर्तव्य तथा काम करने के तरीकों की जानकारी दी। ग्राम प्रधानों को गांव की सभी व्यवस्थाओं का पाठ पढ़ाया। कार्यक्रम में कई ग्राम प्रधानों ने विकास कार्यों के बारे में अपने सुझाव रखे।