मुजफ्फरनगर। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुषमा सिंह ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कोरोना से प्रभावित बच्चों की हरसंभव मदद के देने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में महिलाओं को प्राप्त हो रही स्वास्थ्य सेवाओं, गर्भवती महिलाओं एवं अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध हो रहे उपचार, कोविड वैक्सीनेशन तथा कोविड-19 से प्रभावित बच्चों को दी जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की।
निरीक्षण भवन में उपाध्यक्ष सुषमा सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। जिसमें जनपद में अब तक कोविड-19 प्रभावित बच्चों, जिनके प्रकरण को जिला टास्क फोर्स के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है एवं जिनकी संख्या 155 है, के परिवारों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं के लाभ की प्रक्रिया 18 जुलाई तक हर हाल में पूरी होनी चाहिए। प्रभावित बच्चों के परिवारों का कोविड वैक्सीनेशन, स्वास्थ्य परीक्षण, हेल्थ कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। सभी घरों में विद्युत कनेक्शन लगाने एवं विरासत स्थानांतरण का कार्य भी समयांतर्गत पूर्ण करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मखियाली एवं जिला महिला चिकित्सालय का स्थलीय निरीक्षण कर कोविड वैक्सीनेशन एवं महिलाओं को उपलब्ध कराये जा रहे उपचार एवं दवाइयों की स्थिति का जायजा लिया। मौके पर भाजपा नेता अचिंत मित्तल, रेणू गर्ग, राजीव सिंह गुर्जर, सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार, एसडीएम दीपक कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी मौहम्मद मुशफेकीन मौजूद रहे।