गन्ना भुगतान के लिए डीएम ऑफिस घेरेंगे
मुजफ्फरनगर। भाकियू तोमर के अध्यक्ष संजीव तोमर ने कहा कि भाजपा सरकारें किसानों की अनदेखी कर रही हैं। तीन कृषि कानूनों पर सरकार किसानों की नहीं सुन रही है। समस्याओं को लेकर जल्द ही डीएम ऑफिस को घेरा जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन तोमर की एक सभा रामपुर तिराहे के कार्यालय पर हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि तीनों कृषि कानून किसानों के हित में नहीं है। 300 के लगभग किसान भी इस आंदोलन में शहीद हो गए हैं, जिनकी संगठन सरकार से मांग करता है कि उनके परिवार को 50-50 लाख की आर्थिक मदद की जाए। इन किसानों को शहीद का दर्जा भी दिया जाए और इनके परिवार में एक-एक सरकारी नौकरी भी दी जाए।
तोमर ने कहा कि होली के त्यौहार के बाद संगठन काले कानून और गन्ने के बकाया भुगतान को लेकर के उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में डीएम कार्यालय पर जोरदार धरना प्रदर्शन करेगा। सभा के बाद संगठन का विस्तार किया गया और मुस्तकीम राणा को ग्राम अध्यक्ष न्याजूपुरा नियुक्त किया गया। जिला अध्यक्ष रामकुमार तोमर, इकबाल कवि, पवन त्यागी, अखिलेश चौधरी, देशराज तोमर, राममेहर तोमर, शौराज तोमर, वाजिद अली, शहजाद मलिक, अंकित गुर्जर, पंकज मलिक, सुमित, निखिल, राजीव मौजूद रहे।