मुजफ्फरनगर। बढ़ती सर्दी में गरीबों और बेसहारों के लिए किए गए इंतजाम देखने को डीएम सेल्वा कुमार जे ने बुधवार रात में शहर का भ्रमण किया। इस दौरान रैन बसेरा में ठहराने वालों से 50 रुपये लिए जाने पर डीएम भड़क गई। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट से इसकी जांच के निर्देश दिए। उन्होनें खुले आसमान के नीचे ओवरब्रिज पर सो रहे लोगों को रैन बसेरा में भिजवाया।
सर्दी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। रात का तापमान लगातार कम हो रहा है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। डीएम सेल्वा कुमार जे मंगलवार रात्रि सर्दी से बचाव के लिए गरीब और असहाय लोगों के लिए किए इंतजाम देखने को भ्रमण पर निकली। उन्होंने भोपा ओवरब्रिज के ऊपर खुले में सो रहे करीब आठ लोगों को पुलिस की गाड़ी से रेलवे स्टेशन पर स्थित रैन बसेरा में भिजवाया। इसके बाद डीएम ने रैन बसेरा में पहुंच कर इंतजाम देखे। वहां पर रात्रि विश्राम करने वालों से 50 रुपये वसूलने का बोर्ड लगा देख कर डीएम भड़क गई। वहां मौजूद कर्मचारी इस संबंध में कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। उनका कहना था कि पालिका बोर्ड बैठक में यह प्रस्ताव पास हुआ है। जिस पर डीएम ने साथ मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार को इसकी जांच के निर्देश दिए है।