मुजफ्फरनगर। डीएम उमेश मिश्रा ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत लोन के आवेदन निरस्त करने सहित 100 प्रतिशत भुगतान नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदन के सात दिन के भीतर वेंडर के खाते में लोन की पूर्ण धनराशि ट्रांसफर कर दी जाए।
बृहस्पतिवार को डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक विकास भवन सभागार में हुई। डीएम ने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से बिजली पर निर्भरता कम करने पर जोर दिया गया। डीएम ने बैंकों द्वारा लोन समय से न देने और लोन के आवेदन पत्र रिजेक्ट करने एवं धनराशि शत-प्रतिशत वेंडर्स को एकमुश्त नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि योजना के लिए लोन का आवेदन प्राप्त होने के सात दिन के भीतर धनराशि संबंधित वेंडर्स के खाते में हस्तांतरण कर दी जाय।
बिजली का बिल, आधार कार्ड, बैंक पास बुक को आधार मानते हुए लोन स्वीकृत कर दिया जाय। कहा कि अगर कागजात में कोई कमी है, तो बैंक मैनेजर संबंधित लाभार्थियों से प्राप्त करेंगे। अगर बैंक मैनेजर लोन करने में आनाकानी करते हैं तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने सभी बैंक अधिकारियों को शीघ्र लोन स्वीकृत करने के निर्देश दिए। परियोजना प्रभारी नेडा भजन सिंह शामिल रहे।