खेलों में कॅरियर बनाएं युवा : दिव्या
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। अंतरराष्ट्रीय पहलवान दिव्या काकरान ने कहा कि युवा खेलों में कॅरियर बनाएं। किसी पर निर्भर न रहकर कठिन परिश्रम करें, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
कस्बे की मंगलापुरी मंडी स्थित समाजसेवी हरिओम पुंडीर के आवास पर पत्रकारों से वार्ता में अर्जुन अवार्डी दिव्या काकरान ने कहा कि युवा जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें। युवा खेलों को जीवन का हिस्सा बनाएं और कठिन परिश्रम के माध्यम से कॅरियर बनाएं। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि वे आत्मनिर्भर बनकर देश का नाम रोशन करें। गांव पुरबालियान निवासी महिला पहलवान ने कहा कि जब वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की ओर से खेलती हैं, तो उन्हें गर्व की अनुभूति होती है। फिलहाल दिल्ली के गुरु प्रेमनाथ अखाड़े में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं दिव्या ने कहा कि अब वे कॉमनवेल्थ गेम्स व वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी कर रही हैं। उनका लक्ष्य सभी प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक हासिल करना है। इस दौरान दिव्या की दोस्त नीना, भाई दीपक काकरान व ऋषभ पहलवान आदि मौजूद रहे।
उधर, अंतरराष्ट्रीय पहलवान दिव्या काकरान ने कोरोना से जंग जीतने के लिए लोगों से सरकार द्वारा निर्धारित गाइडलाइन का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि वह स्वयं, दोस्त नीना व भाई दीपक काकरान गत वर्ष 28 नवंबर को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव हो चुके हैं। सभी ने खुद को होम क्वारंटीन कर गाइडलाइन का पालन किया। इसके चलते वे पांच दिन में स्वस्थ हो गए।