मुजफ्फरनगर। स्तनपान व्यवहार के प्रोत्साहन में उल्लेखनीय कार्य के लिए जिला महिला अस्पताल को ‘मां’ अवार्ड से सम्मानित किया गया है। महानिदेशक एवं मिशन निदेशक की ओर से प्रशस्ति पत्र दिया गया है। उधर, टीबी उन्मूलन में बेहतर कार्य के लिए जिले को कांस्य पदक मिला है।
सीएमओ डॉ महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि वर्ष 2021-22 में स्तनपान व्यवहार के प्रोत्साहन में उल्लेखनीय कार्य के लिए जिला महिला अस्पताल को ‘मां’ अवार्ड से सम्मानित किया गया है। सीएमएस महिला डॉ. आभा आत्रेय ने बताया कि स्तनपान के विषय में जागरूकता लाना आवश्यक है। मां का दूध प्रजनन प्रक्रिया का एक अनिवार्य भाग है, जिसका मां और शिशु की सेहत पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ता है। उधर, टीबी उन्मूलन के लिए किए जा रहे बेहतर प्रयासों के चलते जिले को राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक मिला है। दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. लोकेश कुमार को सम्मानित किया गया।