मुजफ्फरनगर। वायु प्रदूषण के कारण बंद चल रहे जनपद के स्कूलों को सोमवार से खोलने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। आज से जिले में सभी स्कूल पूर्ववत खुलेंगे।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार, एनसीआर क्षेत्र में ग्रेप-4 लागू होने के कारण बच्चों के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए स्कूल बंद कर दिए गए थे। 18 नवंबर से स्कूलों की छुट्टी चल रही थी। परिषदीय विद्यालयों में शनिवार को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के आदेश जारी किए गए थे।
शनिवार को एनसीआर क्षेत्रों के एक्यूआई में गिरावट के चलते डीएम उमेश कुमार मिश्रा ने बीएसए और डीआईओएस को स्कूल कॉलेज सोमवार से निर्धारित समय पर खोले जाने और शिक्षण कार्य को संचालित करने के आदेश जारी किए हैं। जनपद में कक्षा एक से 12 तक के बंद सभी स्कूल सोमवार से खुलेंगे। रविवार की देर शाम डीएम उमेश मिश्रा ने आदेश जारी कर कहा कि जनपद में वायु गुणवत्ता में सुधार को देखते हुए सोमवार से सभी स्कूल खोलने की अनुमति प्रदान की जाती है।