बुढ़ाना। बुढ़ाना में घुड़चढ़ी के दौरान साइड देने को लेकर विवाद के बाद रालोद के नामित सभासद कुणाल पंवार पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि बीच-बचाव के लिए पहुंची सभासद की मां रालोद महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश महासचिव अनुपमा चौधरी के साथ भी बदसलूकी की गई। पुलिस ने जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शनिवार रात करीब 11 बजे कस्बा निवासी कल्लू कश्यप के बेटे सौरभ की घुड़चढ़ी चल रही थी। डीएवी कॉलेज रोड पर घुड़चढ़ी के दौरान नामित सभासद कुणाल पंवार का रास्ते देने को लेकर कश्यप समाज के युवकों के साथ विवाद हो गया। इसी विवाद में गाली गलौज के बाद मारपीट हो गई। हमले में कुणाल घायल हो गया।
जानकारी मिलने पर अनपुमा चौधरी मौके पर पहुंची, इसके बाद मौके पर काफी हंगामा हुआ। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत किया। रात के समय दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए। अध्यापक कॉलोनी निवासी नामित सभासद के पिता संजीव कुमार की ओर से तहरीर दी गई। रविवार को 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सीओ गजेंद्र पाल सिंह का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। मुकदमा अज्ञात में है, साक्ष्य के आधार पर गिरफ्तारी होगी।
कश्यप समाज ने कहा कि धाराएं गलत लगाई, 30 को करेंगे घेराव : कस्बे के निजी चिकित्सालय में कश्यप समाज के लोगों की बैठक हुई। आरोप लगाया कि मारपीट के मामले का संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कश्यप समाज के नेताओं ने चेतावनी दी है कि धाराएं नहीं बदली गई तो 30 अप्रैल को बुढ़ाना कोतवाली का घेराव किया जाएगा।
मामले की जांच कर प्राथमिकी दर्ज करनी चाहिए थी। इस मौके पर महर्षि कश्यप एकता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील कश्यप, सीताराम कश्यप, श्याम कश्यप, अंग्रेज कश्यप, डॉ. सोनू कश्यप, रविंद्र और बलेसर मौजूद रहे।
बुढ़ाना में बैठक करते कश्यप समाज के लोग : संवाद