मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर गांव शिवपुरी में स्थित मुर्गी फार्म पर की गई गांव जमालपुर निवासी दीपक की हत्या में हत्यारों का सुराग नहीं लग सका है। वहीं, शनिवार को बेटे के शव के साथ ही उसकी मौत के सदमे में मरी मां के शव का भी गमगीन माहौल में गंगा बैराज पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर गांव शिवपुरी में स्थित मुर्गी फार्म पर बृहस्पतिवार देर रात सो रहे गांव जमालपुर निवासी दीपक पुत्र बाबूराम की धारदार हथियारों से काटकर हत्या कर दी गई थी। पुत्र की हत्या के सदमे में उसकी मां रचना की भी मौत हो गई थी। शनिवार को दीपक के शव के पोस्टमार्टम के बाद उसे मां के शव के साथ गंगा बैराज ले जाया गया, जहां गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। दीपक के भाई लक्ष्य ने दोनों शवों को मुखाग्नि दी। सीओ जानसठ और इंस्पेक्टर भी पुलिस बल के साथ अंतिम यात्रा में शामिल रहे। उधर, हत्या के 48 घंटे बाद भी दीपक के हत्यारों का सुराग नहीं लग सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दीपक की मौत का कारण गला घोंटना व धारदार हथियारों से हुए घाव के कारण होना आया है। सीओ का कहना है कि हत्यारों की तलाश की जा रही है और बहुत जल्द वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।