बुढ़ाना। कोतवाली में मौजूद जाट महासभा तथा रालोद के पदाधिकारी। संवाद
बुढ़ाना। फीस जमा करने के विवाद में पिटाई से आहत छात्र उज्ज्वल राणा के आत्मदाह करने के मामले में जनपद जाट महासभा ने डीएवी डिग्री काॅलेज बुढ़ाना के सामने धरना-प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।
कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए कॉलेज से कोतवाली पहुंचे और चेतावनी दी कि अगर इंसाफ नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष धर्मवीर बालियान ने पुलिस की कार्यशैली पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि छात्र उज्ज्वल की बहन को बुलाकर दो लाइन में रिपोर्ट दर्ज करवा ली गई।
इससे पुलिस की मानसिकता का पता चलता है। इसके बाद उज्ज्वल की बहन ने कोतवाली में सीओ को तहरीर दी। इस मौके पर जयवीर सिंह, राकेश बालियान, विनीत, ओमकार व प्रमोद मलिक मौजूद रहे। बाद में युवा रालोद के जिलाध्यक्ष गज्जू पठान, सुरेंद्र सहरावत, संयम पंवार, सकुल सहरावत व पूर्व ब्लाॅक प्रमुख विनोद मलिक और छात्र नेता नितेश ने भी पुलिस के रवैये पर नाराजगी जताई।
भाकियू कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में दिया धरना : भाकियू के जिला उपाध्यक्ष अनुज बालियान के नेतृत्व में कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी प्रकट करते हुए धरने पर बैठ गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वक्ताओं ने घटना पर दुख जताते हुए पुलिस की कार्यशैली पर रोष जताया। अनुज बालियान ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलवाने और सभी आरोपियाें की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष संजीव पंवार, सुधीर सहरावत व इसरार मौजूद रहे।त