बुढ़ाना। सीओ को तहरीर देती उज्जवल की बहन सलौनी। संवाद
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। डीएवी डिग्री कॉलेज बुढ़ाना में फीस को लेकर प्रताड़ित किए जाने पर आत्मदाह करने वाले छात्र उज्ज्वल राणा (20) ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। आक्रोशित लोगों द्वारा हंगामा-प्रदर्शन करने पर पुलिस-प्रशासन को बैकफुट पर आना पड़ा। कॉलेज के प्रबंधक, प्राचार्य, पीटीआई के अलावा दरोगा और दो सिपाहियों के खिलाफ धमकी और गाली-गलौज की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय वर्मा को बुलाकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई के आदेश दिए।
मूल रूप से बागपत के भड़ल गांव का रहने वाला उज्ज्वल राणा अपने परिवार के साथ कस्बे के मोहल्ला खाकरोबान में रह रहा था। बीए द्वितीय वर्ष के छात्र उज्ज्वल ने आत्मदाह करने से पहले वीडियो जारी कर आरोप लगाया था कि प्राचार्य प्रदीप कुमार ने फीस जमा करने को लेकर उसके बाल खींचे और पिटाई भी की। इतना ही नहीं पुलिसकर्मियों को बुलाकर प्रताड़ित किया।
रविवार को जनपद जाट महासभा के अध्यक्ष धर्मवीर बालियान ने कार्यकर्ताओं के साथ कॉलेज के सामने हंगामा किया। भाकियू के पदाधिकारी भी कोतवाली में धरने पर बैठ गए। दोपहर को विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी कोतवाली पहुंचे। उज्ज्वल की मौत के बाद उसकी बहन सलोनी की ओर से दोबारा तहरीर दी गई। कॉलेज प्रबंधक अरविंद कुमार गर्ग, प्राचार्य प्रदीप कुमार, पीटाआई संजीव कुमार, दरोगा नंद किशोर, सिपाही ज्ञानवीर और विनीत कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया।
उज्ज्वल राणा आत्मदाह का घटनाक्रम
06 नवंबर -परीक्षा शुल्क जमा कराने के लिए कहने पर कहासुनी हुई
07 नवंबर- छात्र ने प्राचार्य और अन्य लोगों पर पिटाई-उत्पीड़न का आरोप लगाया
08 नवंबर- छात्र ने कॉलेज की कक्षा में अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली
09 नवंबर- बुढ़ाना में हंगामा, सफदरजंग में उपचार के दौरान छात्र की मौत।
बुढ़ाना। सीओ को तहरीर देती उज्जवल की बहन सलौनी। संवाद