खतौली। डेडिकेटेड फ्रेट कोरिडोर न्यू खतौली स्टेशन रेलवे यार्ड क्षेत्र में रेलवे सिग्नल का 450 मीटर केबल काट कर चोरी कर लिया गया, जिस कारण डीएफसीसी रेल संचालन में बाधा उत्पन्न हो गई। चोरी किए गए केबल की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई है।
एलएंडटी के सुरक्षा अधिकारी जनपद मेरठ के सुभाष कालोनी रुड़की रोड निवासी संजीव तोमर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि डीएफसीसी न्यू खतौली रेलवे स्टेशन रेलवे यार्ड क्षेत्र में 24 अगस्त को रेल सिग्नल की 15 केबल करीब 450 मीटर चोरी कर लिया गया था। चोरी किए गए केबल की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। इसके अलावा 26 अगस्त को पांच केबल को आपराधिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किया गया है, जिनकी कीमत करीब 40 से 50 हजार रुपए है। डीफसीसी रेल यार्ड क्षेत्र में लगातार हो रही केबल चोरी की घटनाओं से रेल संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है। इस क्षेत्र में डीएफसीसी रेल संचालन प्रभावित हो रहा है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है।