देवबंद। चैत्र नवरात्र के आठवें दिन श्रद्धालुओं ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर में जाकर मां भगवती के दर्शन कर परिवार में सुख समृद्धि के लिए मन्नत मांगी। वहीं, मंदिर कमेटी ने मास्क पहनकर आने वाले श्रद्धालुओं को ही मंदिर में प्रवेश करने दिया।
मंगलवार को मां दुर्गा के आठवें स्वरूप अष्टम महा गौरी की विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन कर पिछले सात दिन से रखे व्रत खोले। भक्तों ने कन्याओं को भोजन कराकर उन्हें दक्षिणा स्वरूप उपहार भी दिए। श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित सतेंद्र शर्मा और पंडित कालिका प्रसाद ने बताया कि दुर्गा अष्टमी के दिन कन्या पूजन करने का भी विधान है। महागौरी की पूजा करने से लोगों के पापों का नाश होता है। मां महागौरी की आराधना से मनोवांछित फल प्राप्त किया जा सकता है। यह देवी सदा सुख और शांति प्रदान करती है। कोरोना संक्रमण के चलते मंदिरों में कम ही श्रद्धालु पहुंचे। अधिकांश भक्तों ने घरों पर ही रहकर पूजा अर्चना करने के बाद कन्या पूजन कराकर उपवास खोला।