मुजफ्फरनगर। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारियों के तहत जिले के माध्यमिक विद्यालयों को शिक्षकों और कर्मचारियों का पूरा ब्योरा ऑनलाइन अपलोड करना होगा। डीआईओएस ने सभी विद्यालयों को 15 नवंबर तक पोर्टल पर शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का विवरण अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। इसमें कर्मचारियों की शैक्षिक योग्यता और संबंधित प्रमाणपत्रों की जानकारी भी देनी होगी।
परीक्षा पटल प्रभारी आशुतोष सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में परीक्षकों की नियुक्ति, कक्ष निरीक्षण और अन्य परीक्षा संबंधी जिम्मेदारियों के लिए कंप्यूटरीकृत पहचान पत्र तैयार किए जाएंगे। इसके लिए सभी विद्यालयों को शिक्षकों का नाम, पदनाम, जन्मतिथि, नियुक्ति तिथि, अध्यापन विषय और मोबाइल नंबर सहित सभी जानकारियां दर्ज करनी होंगी।
विज्ञापन
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट स्तर पर पढ़ाने वाले शिक्षकों के विषय कोड भी निर्धारित कोड के अनुसार दर्ज करने होंगे। इसके साथ ही शिक्षकों की स्नातक और परास्नातक स्तर की शैक्षिक योग्यता के प्रमाणपत्र भी पोर्टल पर अपलोड करने होंगे।
डीआईओएस डाटा का परीक्षण और सत्यापन करेंगे। पोर्टल पर गलत जानकारी मिलने या किसी प्रकार की त्रुटि होने पर संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे।