केबल ऑपरेटरों ने धीरे-धीरे भुगतान वाले विभिन्न चैनलों पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों को बंद करने शुरू कर दिए हैं। इससे मनपसंद धारावाहिक और अन्य कार्यक्रमों को देखने से वंचित ट्राई के नए नियमों से काफी निराश हैं। उपभोक्ताओं ने ट्राई के इस फैसले पर तीखी नाराजगी जताई है। हालांकि पूरी व्यवस्था में बदलाव में कुछ दिन लग जाएंगे, लेकिन लोगों ने अपनी पसंद के चैनल चुनना शुरू कर दिया है। केबल ऑपरेटर्स भी अपने कर्मचारियों को उपभोक्ताओं के घर भेजकर उनके चैनल की पसंद मालूम करने में जुट गए हैं।
एक फरवरी से ट्राई ने केबल और डीटीएच व्यवस्था में बदलाव कर दिया है। उपभोक्ता अब अपनी पसंद का चैनल चुन सकेंगे और उसकी का भुगतान करेंगे। हालांकि नगर में अभी नई व्यवस्था लागू नहीं हुई है, लेकिन कुछ केबल ऑपरेटरों ने धीरे-धीरे भुगतान वाले चैनल बंद करने शुरू कर दिए हैं। इससे उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। रामलीला टीला की ओर चैनल बंद कर दिए गए थे। इस पर उपभोक्ताओं को तुरंत अपना चैनल पैक चुनना पड़ा।
टीचर्स कॉलोनी निवासी मनोज कुमार का कहना है कि अभी चैनल आ रहे हैं, लेकिन उन्होंने अपना चैनल पैक चुन लिया है। रामपुरी निवासी अंकुर पंवार का कहना है कि केबल ऑपरेटर का कर्मचारी आया था। उसने बताया है कि एक-दो दिन में चैनल बंद कर दिए जाएंगे। वह अपनी और परिवार के सदस्यों की पसंद के चैनल की लिस्ट बना रहे हैं। इन चैनलों का मासिक शुल्क 300 रुपये के आसपास बैठ रहा है। मंडी निवासी बालिका नायशा और कृष्णापुरी निवासी बालक पुष्कर का कहना है कि उन्हें कार्टून चैनल पसंद हैं।
उन्होंने अपने माता-पिता से कार्टून चैनल लगवाने की मांग की है। बिना कार्टून चैनल के टीवी देखने का कुछ मजा नहीं है। उनका कहना है कि अभी तो कार्टून चैनल आ रहे हैं, लेकिन कुछ दिनों में इन्हें बंद करने की बात कही जा रही है। प्रेमपुरी निवासी नेहा का कहना है कि शनिवार को कुछ देर के लिए चैनल बंद हो गए थे, लेकिन कुछ घंटे बाद फिर शुरू हो गए।
साकेत कॉलोनी निवासी सुमन वर्मा कहती हैं कि उन्हें सीरियल पसंद हैं। इसलिए उन्होंने स्टार प्लस और जी के सीरियल वाले चैनल चुने हैं। उधर, केबिल ऑपरेटर नवीन गर्ग का कहना है कि अभी पोर्टल शुरू नहीं हुए हैं। इसलिए नई व्यवस्था लागू होने में कुछ और दिन लगेंगे। थोड़ा-थोड़ा करके चैनल बंद किए जा रहे हैं, ताकि उपभोक्ता अपनी पसंद के चैनल चुन लें। कर्मचारियों को भी उपभोक्ताओं के यहां भेजकर चैनल पैक का चुनाव कराने के लिए लगाया गया है।