देवबंद। जनवरी माह का वेतन न मिलने से नाराज विद्युत संविदाकर्मियों ने बुधवार को कार्य बहिष्कार करते हुए खेड़ामुगल बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस संबंध में एसडीओ नागल को समस्या से अवगत कराया जा चुका है।
संविदाकर्मी संघ नागल के उपखंड अध्यक्ष श्यामपाल के नेतृत्व में खेड़ामुगल, बीरपुर, छाछरेकी, नागल, डंघेड़ा, तांशीपुर, लाखनौर व भलस्वा सब स्टेशनों के संविदाकर्मियों ने धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि फरवरी माह गुजरने वाला है, लेकिन अभी तक संविदाकर्मियों को जनवरी माह का वेतन भी नहीं मिला है। जिससे उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया था। उन्होंने कहा कि 22 फरवरी को नागल एसडीओ को लिखित में समस्या से अवगत कराकर 23 फरवरी तक कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन कार्रवाई न होने पर आंदोलन को बाध्य होना पड़ा। उन्होंने कहा कि जब तक संविदाकर्मियों को वेतन नहीं मिल जाता तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना प्रदर्शन में साजिद अली, मेनपाल, अमित कुमार, दीपक कुमार, तालिब, अवनीश, विनय कुमार, शहजाद, लोकेंद्र, प्रमोद, अजब सिंह, विशाल, जौनी, विशाल, मनोज, भोपाल, सोनू, राजू, उमेश चंद व सचिन त्यागी आदि रहे।