हाथों में लापता युवक के पोस्टर लेकर पुलिस के खिलाफ विरोध जताती महिलाएं
- फोटो : DEVBAND
लापता युवक की सकुशल बरामदगी के लिए कोतवाली में प्रदर्शन
देवबंद। करीब 50 दिन पूर्व कोरवा गांव से लापता युवक दीपक शर्मा उर्फ सन्नी की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर रविवार को ब्राह्मण समाज समेत अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने कोतवाल का भी घेराव करते हुए पुलिस पर परिजनों के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया है।
ब्राह्मण समाज व हिंदू संगठनों बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रविवार को कोतवाली पहुंचे। जहां उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। बजरंग दल के महानगर मंत्री अधिवक्ता अनुज शर्मा ने कहा कि लापता युवक दीपक शर्मा के परिजन पिछले 50 दिनों से थाने के चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन पुलिस उनकी रिपोर्ट तक दर्ज नहीं कर रही है। आरोप लगाया कि पुलिस पीड़ितों की मदद करने की बजाए उन्हें डरा धमका कर थाने से भगा देती है। ब्राह्मण समाज के ेता रोहित कौशिक ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र लापता युवक का सुराग लगाकर उसे बरामद नहीं किया गया तो ब्राह्मण समाज सर्व समाज को साथ लेकर उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होगा। वहीं, कोरवा गांव के शुभम शर्मा ने कहा कि उसके छोटे भाई दीपक शर्मा की 22 जनवरी को शादी होनी थी। विगत दो जनवरी को किसी दोस्त से पैसे लेने की बात कहकर वह घर से गया था। शाम तक जब नहीं लौटा तो तीन जनवरी को कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराने को तहरीर दी गई। लेकिन 50 दिन गुजर जाने के बाद उसका आज तक कोई सुराग नहीं लगा है। कई बार वह इस मामले में थाने वह आया लेकिन यहां इंचार्ज ने उसे हर बार डांट फटकार कर भगा दिया। कहा कि वह इस मामले को लेकर एसएसपी, एसपी सिटी व एसपी देहात से भी मिला। लेकिन कोई कार्रवाई अभी तक नहीं की गई। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई है। बताया कि उसकी कुछ दिन बाद लोकेशन हरिद्वार में मिली थी। वहां पर पोस्टर भी चस्पा करा दिए थे। लेकिन पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। प्रदर्शनकारियों में राजीव शर्मा, सागर शर्मा, अभिषेक शर्मा, ईशान गोड, मनोज भारद्वाज, अमित शर्मा, शुभम वत्स, ठा.सुरेंद्र सिंह, मोंकित पुंडीर, शुभम सिंघल, मनोज सिंघल, गौरव राणा, अजय राणा, मोंटी चौधरी आदि रहे। कोतवाल प्रभाकर केंतुरा ने बताया कि पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर लापता युवक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस पर अभद्रता के आरोप निराधार हैं।