संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। कुरालसी गांव की महिलाओं ने मंदिर के पास शराब की दुकान खोलने का विरोध किया। दुकान के सामने महिलाओं ने जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। महिला कल्याण समिति के बैनर तले महिलाएं तहसील मुख्यालय पहुंचीं। महिलाओं ने एसडीएम को ज्ञापन देकर मंदिर के पास से शराब की दुकान हटवाने की मांग की।
महिलाएं मंगलवार सुबह गांव में खोले जाने वाली सरकारी शराब की दुकान के सामने पहुंचीं और हंगामा कर दिया। महिलाओं ने बताया कि यहां पर सिद्धपीठ चिंतपूर्णी मां शाकम्भरी देवी का भव्य विशाल मंदिर है। मंदिर में रोजाना सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। मंदिर के पास शराब की दुकान होने से ग्रामीण युवकों पर गलत प्रभाव पड़ेगा। ग्राम प्रधान ठाकुर मामचंद ने भी महिलाओं को अपना समर्थन दिया।
महिलाओं ने कहा कि शराब की दुकान यहां से हटाकर गांव की दूसरी दिशा में स्थानांतरित की जाए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को समझा बुझाकर शांत किया। महिलाओं ने एसडीएम राजकुमार भारती को ज्ञापन देकर मंदिर के पास से शराब की दुकान हटवाने की मांग की। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा अगर यहां से शराब की दुकान नहीं हटी तो वे धरना-प्रदर्शन को मजबूर होंगे। इस मौके पर सुषमा, मीनू, सुनीता, ममता, पूजा, सोम देवी, अमरेश, पारुल, बुलबुल, कुसुम व सविता मौजूद रहीं।