फुगाना गांव में कृषक गोष्ठी में मौजूद किसान।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
कीटनाशक दवाईयों पर सब्सिडी की मांग
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। फुगाना गांव में आयोजित गन्ना कृषक गोष्ठी में आए अधिकारियों को ग्रामीणों ने घेर लिया। ग्रामीणों ने अधिकारियों से कीटनाशक दवाईयों पर सब्सिडी की मांग की। गोष्ठी में किसानों ने कम कीमत पर गन्ने का अच्छा बीज भी उपलब्ध करवाने की मांग भी उठाई। कृषि वैज्ञानिक ने गन्ने का बीज उपचारित करने के बाद बुवाई करने की सलाह दी।
शुगर मिल खतौली की ओर से फुगाना में गन्ना कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में जिला गन्ना अधिकारी शामली विजय बहादुर सिंह तथा खतौली चीनी मिल के वीपी डॉ. अशोक कुमार व अन्य अधिकारियों को ग्रामीणों ने घेर लिया। पूर्व प्रधान चौ. थामसिंह व चौ. मुकेश मलिक ने कहा कि उनके गांव का अधिकतर गन्ना चीनी मिल खतौली पर जाता है। इस क्षेत्र की गन्ना समिति शामली जनपद में है। उन्होंने कहा कि दूसरे जनपद का होने के कारण हमें कीटनाशक पर छूट नहीं मिलती।
पूर्व प्रधान मोनू व बिल्लू ने कहा कि गन्ने की 238 प्रजाति विभिन्न रोगों के कारण खत्म होने के कगार पर है। उन्होंने अधिकारियों से अच्छी प्रजाति का बीज कम कीमत पर उपलब्ध करवाने की मांग की। कहा कि गन्ने के इंडेंट की समस्या गंभीर है। इंडेंट बढ़ाकर तेज गर्मी से पहले ही गन्ना लेना चाहिए। गोष्ठी में वैज्ञानिक डॉ. विकास मलिक ने गन्ने की पैदावार बढ़ाने के विभिन्न उपाय बताए। उन्होंने किसानों को उपचारित करके ही बुवाई करने की सलाह दी। बुर्वाई से पहले अंतिम जुताई के समय ट्राईकोडर्मा का उपयोग जरूरी बताया।
इस मौके पर कुलदीप मलिक, जोगेंद्र, कृष्णपाल मलिक, प्रदीप व संजीव सहित कई दर्जन किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाकियू के प्रदेश सचिव ओमपाल मलिक ने की।