मुजफ्फरनगर। दी गुड़ खांडसारी एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर धान की खरीद मंडियों के माध्यम से आढ़तियों से कराने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि इससे व्यापारियों और मजदूरों के साथ सरकार को भी सीधे लाभ होगा।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय मित्तल और मंत्री श्याम सिंह सैनी ने कहा कि नवीन मंडी मुजफ्फरनगर का देश में अपना स्थान है। इस बार मंडी परिषद अपनी आय बढ़ाने के लिए खरीफ सीजन में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू करेगी। मंडी परिषद धान खरीदकर एफसीआई को देगी और ढाई प्रतिशत मंडी शुल्क वसूल करेगी। यह भुगतान भी एफसीआई ही करेगी। एसोसिएशन सरकार से मांग करती है कि आने वाली फसल में धान आदि की खरीद विभिन्न क्रय केंद्रों एव मंडी परिषद के माध्यम से करके पूर्व की भांति मंडियों में स्थित आढ़तियों के माध्यम से की जाए। इससे खरीद पर सरकार का जो करोड़ों रुपया लगता है वह भी बच जाएगा। किसान को फसल का नकद भुगतान मिलेगा, उजड़ती मंडी बच जाएगी और मजदूरों को रोजगार मिल जाएगा। किसान शोषण से भी बच जाएगा।