खतौली। गांव भैंसी में बुजुर्ग महिला की मौत के बाद श्मशान घाट का मामला फिर गरमा गया। अंतिम संस्कार करने पहुंचे युवकों के खिलाफ किसान ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। गणमान्य लोगों ने प्रकरण में हस्तक्षेप किया और आश्वासन दिया कि भविष्य में खेत में अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। इसके बाद महिला का अंतिम संस्कार हुआ।
भैंसी में पिछले काफी समय से किसान परिवार की भूमि पर वाल्मिकी समाज के लोग दाह संस्कार करते आ रहे हैं। वाल्मिकी समाज के लोगों ने भूमि में चबूतरा और रास्ते का निर्माण कराने की मांग को लेकर पिछले दिनों एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बाद गांव के अशोक अहलावत एडवोकेट ने मुख्यमंत्री को प्रार्थनापत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की थी। शनिवार को वाल्मिकी समाज में एक वृद्धा की मौत हो गई। इसके बाद किसान अशोक अहलावत ने भूमि में दाह संस्कार करने के लिए इन्कार कर दिया।
किसान ने वाल्मिकी समाज के चार पांच लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद कुछ गणमान्य लोगों ने दोनों पक्षों से बात कर आगे से इस भूमि में दाह संस्कार नहीं करने की बात कही। किसान का कहना है कि वह आगे से अपनी भूमि में वाल्मिकी समाज के लोगों को दाह संस्कार नहीं करने देंगे। वह गांव के श्मशान घाट में ही दाह संस्कार करें। तहसीलदार अमित रस्तोगी ने बताया कि दोनों पक्षों से बात कर समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।