14 जनवरी से ट्रैक पर लौटेगी दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर
मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के समय से दिल्ली-सहारनपुर के बीच बंद चल रही पैसेंजर ट्रेन 14 जनवरी से पटरी पर लौटेगी। उत्तर रेलवे ने ट्रेन का नाम बदला है। दिल्ली से यह ट्रेन शाम को 06 बजकर 20 मिनट पर चलेगी।
पिछले दिनों रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे उत्तर रेलवे के जीएम आशुतोष गंगल से दैनिक यात्रियों ने रेल के संचालन की मांग की थी। यात्रियों की मांग के बाद ट्रेन के संचालन को हरी झंडी मिल गई है। यह ट्रेन मार्च 2021 से बंद चल रही थी। स्टेशन अधीक्षक विपिन त्यागी ने बताया कि 14 जनवरी को दिल्ली जंक्शन से शाम 06 बजकर 20 मिनट पर ट्रेन (04599) रवाना होगी। सहारनपुर पहुंचने का समय 11 बजकर 35 मिनट है। इसके बाद यह ट्रेन (04600) बनकर सहारनपुर से सुबह तीन बजकर 55 मिनट पर दिल्ली के लिए रवाना होगी। दिल्ली पहुंचने का समय सुबह 08 बजकर 50 मिनट रहेगा। इससे दैनिक यात्रियों को लाभ मिलेगा और दिल्ली का आवागमन आसान होगा। रेलवे के नियमों के अनुसार कोविड गाइडलाइन का पालन कराया जाएगा। दिल्ली जंक्शन सदर बाजार से गाजियाबाद, मुरादनगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, रोहाना कलां, देवबंद, टपरी और सहारनपुर तक जाएगी।