बुढ़ाना निजाम बदलते ही सरकारी अमला भी सक्रिय हो गया है। तहसील दिवस में भाग लेने आए डीएम और एसएसपी ने कस्बे को अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलवाने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। मुख्य सड़क तथा चौराहों से हटे अतिक्रमण के कारण आज कस्बे को जाम की समस्या से मुक्ति मिली।
कस्बे की मुख्य सड़क तथा सभी चौराहों पर रिक्शा, फल व सब्जियों की ठेली तथा सड़क किनारे सब्जी व फल बेचने वालों का जबरदस्त कब्जा रहता है। सूबे में सत्ता परिवर्तन के बाद मंगलवार को जिलाधिकारी दिनेश सिंह और एसएसपी बबलू कुमार ने सभी अधिकारियों को साथ लेकर तहसील दिवस के बाद कस्बे में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
कस्बे के महावीर चौक पर डग्गामार वाहन दिखाई नहीं दिए। प्रशासनिक अधिकारियों ने नगर पंचायत के कर्मचारियों और जेसीबी मशीन द्वारा सड़क किनारे अवैध कब्जों को साफ कराया। सड़क पर लगने वाली सब्जी मंडी के दुकानदारों को वहां से हटवाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सड़क किनारे बने नाले की पटरी को पारकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस बार दुकानदारों ने अतिक्रमण हटाने का विरोध नहीं किया। अतिक्रमण हटवाने के दौरान एसडीएम श्याम अवध चौहान, एसपी देहात विनीत भटनागर, सीओ मोहन लाल, इंस्पेक्टर डीके त्यागी सहित सभी अधिकारी मौजूद रहे। अतिक्रमण हटने के कारण कस्बे की सड़कों पर आज जाम नही लगा। सड़क खाली दिखाई दी। नागरिकों का कहना है कि अतिक्रमण स्थायी रूप से हटना चाहिए।
अतिक्रमण पर चला पुलिस का डंडा, सरकार बदलते ही याद आया फर्ज
शहर में अतिक्रमण हटाने को लेकर पुलिस प्रशासन का अभियान जारी है। पुलिस ने अर्द्धसैनिक बलों को साथ लेकर मंगलवार को रेलवे रोड से अतिक्रमण हटवाया। दुकानों के बाहर खड़े ठेली वालों को भी सड़क से एक तरफ किया गया। प्रदेश में नई सरकार बनते ही सरकारी मशीनरी को अपने फर्ज याद आने लगे हैं। पुलिस अब अतिक्रमण हटवाने में जुट गई है।
सिविल लाईन पुलिस की देखरेख में चले अभियान के अंतर्गत रेलवे रोड पर पुलिस अधिकारी घंटों जमे रहे। अर्द्धसैनिक बलों की मौजूदगी में अतिक्रमण करने वालों पर पुलिस का चाबुक जमकर चला। पुलिस को देखकर दुकानदारों ने अपने आप ही अतिक्रमण हटा लिया। जिन लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया था, उनका पुलिस ने जबरन हटवाया। पुलिस को देखकर दुकानदारों और व्यवसायिक संस्थानों के मालिकों में हड़कंप मचा रहा।