खतौली। सर्वर ठप होने से उप निबंधक कार्यालय में जमीनों की रजिस्ट्री नहीं हो सकी। रजिस्ट्री का कार्य नहीं होने से नाराज अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। बैनामे कराने आए लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा।
तकनीकी दिक्कत आने से कई दिनों से सर्वर धीमी गति से चल रहा है, जिस कारण भूमि की रजिस्ट्री प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न हो रही है। बृहस्पतिवार को सर्वर ठप हो गया। जिस कारण भूमि की रजिस्ट्री नहीं हो सकी। बैनामे न होने से कई दिनों से परेशान अधिवक्ताओं ने उप निबंधक कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। भूमि की रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोगों का कहना है कि वह उप निबंधक कार्यालय में कई दिनों से आ रहे हैं, जिस कारण उनका समय और पैसा खर्च हो रहा है। अधिवक्ताओंं का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है बल्कि लंबे समय से लगातार बनी हुई है। जिस कारण रोजाना कार्य बाधित होता है। इसके बावजूद संबंधित अधिकारी कोई स्थायी समाधान नहीं निकाल रहे हैं।
वकीलों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सर्वर की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। शासन और प्रशासन से मांग की है कि उप निबंधक कार्यालय में सर्वर की समस्या का जल्द समाधान कर कार्य व्यवस्था को सामान्य किया जाए। सब रजिस्ट्रार सुरेश कुमार लाल का कहना है कि कई दिन से सर्वर की गति धीमी होने से कम ही रजिस्ट्री हो रही है। सर्वर धीमा चलने की समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है।
विरोध प्रदर्शन करने वालो में बार संघ अध्यक्ष नवीन उपाध्याय, महासचिव प्रदीप कुमार, छत्रपाल सिंह, जितेंद्र त्यागी, सत्यप्रकाश सैनी, सचिन आर्य, नवाब सिंह, प्रमोद शर्मा, अभिषेक गोयल, मोहम्मद अरशद, शाकिर मिर्ज़ा मौजूद रहे।