जिला कारागार में दोपहर के समय बीमार बंदी को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बंदी चोरी के मामले में दिसंबर 2015 में जेल में आया था। कई दिनों से जेल के अस्पताल में भर्ती था। सोमवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने उसके परिजनों को सूचना कर दी है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने की तैयारी चल रही हैं।
जिला कारागार में बंदी शामली जिले के बनत निवासी अमित पुत्र तेजपाल की तबियत खराब होने से अफरातफरी मच गई। समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने पर कारागार का स्टाफ बेहोशी की हालत में मरीज को ई-रिक्शा में डालकर जिला अस्पताल लेकर गया। उसकी कई दिनों से तबियत खराब चल रही थी, जिसके चलते उसे कारागार के ही अस्पताल में भर्ती कर रखा था। सोमवार दोपहर अचानक अपने बेड से बेहोश होकर वह नीचे फर्श पर गिर गया।
बंदी के बेहोश हो जाने पर वहां अफरातफरी मच गई। चिकित्सक ने तुरंत जेलर को मामले से अवगत कराया। जेलर सीपी त्रिपाठी ने मौके पर जाकर बंदी की हालत को देखकर उसे जिला चिकित्सालय भेजने के निर्देश दिए। कारागार की एंबुलेंस के मेरठ मेें दूसरे मरीज को ले जाए जाने के कारण जेल में एंबुलेंस भी नहीं थी। स्टाफ ने ई-रिक्शा की व्यवस्था कराई और बेहोशी की हालत में उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। बंदी का अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जेल स्टाफ के अनुसार बंदी को पीलिया हुआ था।