बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर )। हबीबपुर सीकरी गांव में उर्जा निगम के संविदा कर्मचारी विकास कुमार के घर की छत गिर गई। कमरे के गेट पर बर्तन साफ कर रही उसकी पत्नी संगीता ने मलबा गिरते हुए देख अपने दो बच्चों को खींचकर बाहर निकला। कमरे के अंदर खेल रही डेढ़ साल की शानवी मां के पहुंचने से पहले ही मलबे में दब गई। बच्चों के बचाने के प्रयास में मां भी घायल हो गई।
पड़ोसियों के पहुंचने पर मलबा हटाकर मासूम को निकला गया लेकिन सीएचसी में उसे मृत घोषित कर दिया। मां और दो बच्चों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। एसडीएम सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
संविदाकर्मी विकास सागड़ी गांव के बिजली घर पर तैनात है। बृहस्पतिवार को वह ड्यूटी पर गया हुआ था। घर में दोपहर तीन बजे संगीता (30) मकान के गेट के पास बर्तन साफ कर रही थी। उसका बेटा लविश उर्फ अक्की पाल (08) और बेटी दिव्या भारती उर्फ लक्ष्मी (04) गेट के पास खेल रहे थे जबकि डेढ़ साल की शानवी कमरे के बीच में खेल रही थी।
इसी दौरान गार्डर फिसल गया और सिल्ली की छत से मिट्टी गिरने लगी। संगीता ने खतरा भांपते हुए अक्की और दिव्या को कमरे से खींचकर बाहर निकाला लेकिन तब तक पूरी छत गिर गई। हादसे में शानवी मलबे में दब गई।
घायल अवस्था में चारों को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया गया। सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रणव तेवतिया ने बताया कि अन्य तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय में रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
-
पुलिस-प्रशासन की टीम पहुंची गांव
हबीबपुर सीकरी गांव में हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम सत्येंद्र कुमार सिंह, तहसीलदार महेंद्र सिंह यादव, खंड विकास अधिकारी सतीश कुमार राजस्व विभाग की टीम व पुलिस बल के साथ गांव में पहुंच गए।
गांव में दूसरा हादसा, दहशत में ग्रामीण
बुढ़ाना। हबीबपुर सीकरी गांव में 18 जुलाई की रात मकान की छत गिरने से मजदूर इस्लामू धोबी व उसके पांच बच्चों की मलबे में दबने से मौत हो गई थी। ग्रामीण इस हादसे को नहीं भूले है, इसी बीच बृहस्पतिवार को विकास का मकान गिर गया। गांव में दहशत का माहौल है। संवाद
बुढ़ाना। हबीबपुर सीकरी गांव में घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़। स्रोत ग्रामीण
बुढ़ाना। हबीबपुर सीकरी गांव में घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़। स्रोत ग्रामीण