शाहपुर के गांव गोयला के जंगलों में मिला मृत कौवा।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। मीरापुर क्षेत्र के गांव कुतुबपुर में मिले मृत कौवों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो जाने के बाद गांव किशनपुर के परिषदीय स्कूल और गोयला गांव के जंगल में मृत कौवे मिले हैं। जिससे ग्रामीणों में दहशत की स्थिति बनी है। दोनों स्थानों के मृत कौवों को प्रशासन ने अपने कब्जे में लेकर सैंपल बरेली भेज दिए हैं।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर के परिषदीय स्कूल में एक कौवा मृत पड़ा मिला। शनिवार को विद्यालय के शिक्षक प्रदीप कुमार, राजीव कुमार, सोनिया, शिखा, मीना जैसे ही स्कूल में पहुंचे तो ऑफिस के बाहर एक मृत पड़ा कौवा मिला। शिक्षकों ने इसकी सूचना ब्लाक संसाधन केंद्र पर दी। राजकीय पशु चिकित्सालय के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अखिलेश, फार्मेसिस्ट विनोद कुमार आदि स्कूल में पहुंचे। पशु चिकित्साधिकारी डॉ अखिलेश ने बताया कि कौवे की मौत करीब पांच दिन पहले हुई है। इसके बाद भी कौवे के शव से सैंपल लेकर जिला मुख्यालय भेजे गए हैं। अन्य जानकारी सैंपल की जांच के बाद पता लगेगा।
उधर, शाहपुर के गांव गोयला के ग्रामीण मनोज बालियान ने बताया कि पिछले तीन दिनों से गोयला शाहजुड्डी मार्ग पर स्थित खेतों में मृत कौवे मिल रहे हैं। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पशु चिकित्सालय पर दी तो वहां तैनात फार्मासिस्ट पिछले दो दिनों से मृत कौवे को दफना रहे थे। उक्त खेतों में शनिवार को भी एक मृत कौवा किसानों मिला। खेतों में पिछले तीन दिनों से मृत कौवे मिलने से ग्रामीणों में दहशत है। मृत कौवे में बर्ड फ्लू होने की आशंका होने के कारण ग्रामीणों ने मृत कौवे को दबाने से मना कर उसकी जांच कराने को कहा। जिस पर फार्मासिस्ट ने मृत कौवे उठाकर जांच के लिए भिजवा दिया है।